बीएसए कार्यालय पर धरना के दौरान बोलते उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राकेश चौहान।
- फोटो : बीएसए कार्यालय पर धरना के दौरान बोलते उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राकेश चौहान।
एटा। उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को शिक्षकों ने बीएसए कार्यालय पर धरना दिया। पुरानी पेंशन बहाली सहित 15 मांगें गिनाईं। मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार शाश्वत अग्रवाल को मांगों का ज्ञापन सौंपा।
धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता शेर सिंह शाक्य ने की। जिलाध्यक्ष राकेश चौहान ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग करते हुए कहा कि शिक्षकों को उनका हक मिलना चाहिए। न्यूनतम वेतन 17140 व 18150 देने, विशिष्ट बीटीसी 2001, बीटीसी 2004 व अन्य ऐसे शिक्षक, जिनकी भर्ती का विज्ञापन 1 अप्रैल 2005 से पहले प्रकाशित हो चुका था लेकिन नियुक्ति उसके बाद हुई थी, उन्हें पुरानी पेंशन दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी तथा हीट वेब को देखते हुए विद्यालयों का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाए।
इसके अलावा शिक्षकों को पदोन्नति व प्रोन्नत वेतनमान देने, अन्तःजनपदीय पारस्परिक स्थानांतरण में भी अंतरजपदीय स्थानांतरण की तरह प्रधानाध्यापक का एक-दूसरे के साथ पारस्परिक सामान्य स्थानांतरण करने, अंतरजनपदीय स्थानांतरण वरिष्ठता के आधार पर कम से कम 50 प्रतिशत निर्धारित करने, आकांक्षी जिलों के शिक्षकों को भी सामान्य अंतरजनपदीय स्थानांतरण का लाभ देने की मांग की।
अंत में पहलगाम में मृत नागरिकों को 2 मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी। ओमेंद्र चौहान, आलोक वार्ष्णेय, धर्मेंद्र उपाध्याय, भीम सिंह वर्मा, मानिक चंद्र, वीरेंद्र सिंह मधुवाला आदि शिक्षक मौजूद रहे। संवाद