एटा/सकीट। सकीट थाना क्षेत्र के गांव कर्मचंदपुर के पास मंगलवार शाम एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को टक्कर मार दी। जिसमें एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत पीएसी बटालियन के पास छोटा हाथी की टक्कर से बाइक सवार की मौत हुई है।
बुधवार को इशारा पश्चिमी निवासी सर्वेंद ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि छोटा भाई राघवेंद्र अपने साथी अनिकेत व रोहित के साथ किसी कार्य से सकीट गया था। वहां से तीनों वापस आ रहे थे। कर्मचंदपुर के पास लघुशंका के लिए रुके। इस दौरान औंछा की ओर से आ रहे एक ट्रक ने तीनों को टक्कर मार दी। जिसमें राघवेंद्र की मौके पर मौत हो गई। दोनों साथियों को इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। दूसरी घटना कोतवाली देहात क्षेत्र की है। जहां पीएसी बटालियन के पास नगला पुढ़िहार निवासी 25 वर्षीय सोनू को मंगलवार शाम करीब सात बजे छोटा हाथी ने टक्कर मार दी। परिजन इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां से आगरा रेफर कर दिया गया। वहां उनकी मौत हो गई।
----------
भाजपा का कार्यकर्ता था युवक
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजनों ने बताया कि राघवेंद्र भाजपा का कार्यकर्ता था। मंगलवार को वह ट्रैक्टर रैली में शामिल होने एटा गया था। वहां से अपने दोस्तों के साथ लौटकर गांव वापस जा रहा था। पोस्टमार्टम हाउस पर कई भाजपाई पहुंचे।
---------------
ट्रक की टक्कर से एक युवक की मौत हुई है। दो घायल हुए हैं। तहरीर थाने में दे दी गई है। रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सुनील कुमार त्यागी, सीओ सकीट