यूपी के एटा जिले में हादसों में दो महिला की माैत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जीटी रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी के पास कांशीराम कॉलोनी निवासी मीना पत्नी सत्यवीर (30) रविवार की दोपहर अचानक छत से नीचे गिर गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने हालात गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में ले जाते वक्त उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
विज्ञापन
वहीं सोमवार को दोपहर करीब एक बजे प्रीति पत्नी भूपेंद्र (32) निवासी धुमरी की सड़क हादसे में मौत हो गई। पति भूपेंद्र ने बताया कि वह अपने बच्चे व पत्नी के साथ अवागढ़ एक शादी में गए थे। सोमवार को वह अपने घर बाइक से धुमरी जा रहे थे। शहर के अलीगंज रोड पर कब्रिस्तान के पास पीछे से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी।
हादसे में भूपेंद्र घायल हो गए। वहीं पत्नी की मौके पर मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। भूपेंद्र के दो बच्चे भी साथ थे। हालांकि वह टक्कर लगने से दूर गिर गए। इससे दोनों बच्चे हादसे से बच गए। घायल पति का मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में उपचार चल रहा है।