एटा के थाना रिजोर क्षेत्र में बुधवार को सकीट मार्ग पर गांव नगला जोरी के पास दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, तीन लोग घायल हुए हैं। कोतवाली देहात क्षेत्र में बाईपास पर कासगंज रोड के पास बेकाबू होकर बाइक डिवाइडर से टकरा गई। उस पर बैठे दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई और दंपती घायल हुए हैं।
गांव कवार निवासी लक्ष्मी ने बताया कि बुधवार को वह अपने भाई राजा के साथ दवा लेने बाइक पर एटा जा रही थी। रास्ते में गांव नगला जोरी के पास सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। इसके कारण दोनों के साथ ही दूसरी बाइक पर सवार रवि निवासी अभयपुरा थाना अमांपुर जिला कासगंज और कन्हैया निवासी कवार घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने राहगीरों की मदद से एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने रवि (24) को मृत घोषित कर दिया। घायल लक्ष्मी, राजा और कन्हैया का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
दूसरी घटना में जावेद निवासी मकसूदपुर थाना जलेसर ने बताया कि बुधवार को वह बाइक पर पत्नी सूफिया और 2 वर्षीय बेटे अनस के साथ शादी में शामिल होने अमांपुर जा रहे थे। बाईपास पर कासगंज रोड के पास पहुंचते ही बाइक अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके कारण बच्चे सहित दोनों लोग छिटककर दूर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को राहगीरों ने हाईवे की एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने अनस को मृत घोषित कर दिया। जावेद और सूफिया का इलाज चल रहा है।
ट्रैक्टर, बाइक और लोडर टकराए, 6 लोग घायल
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में बाईपास पर रामपुर घनश्याम गांव के पास बुधवार को ट्रैक्टर, बाइक और लोडर वाहन आपस में टकरा गए। गांव धरेंदा थाना कुरावली जिला मैनुपरी निवासी उमेश, इकबाल और रंजीत, नगला बाचा थाना रिजोर निवासी देवेंद्र, नगला केवल निवासी सियाराम और कांशीराम कॉलोनी निवासी देवा घायल हो गए। सभी का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।