एटा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। वहीं एक किशोरी घायल हो गई। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। रिजोर थाना क्षेत्र के गांव वृंदावन निवासी 38 वर्षीय धारा सिंह मंगलवार की शाम साइकिल से शिकोहाबाद रोड पर दुकान से कुछ सामान लेने आया था। यहां से वह रात आठ बजे घर वापस जा रहा था। इस दौरान एक बाइक ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत बता दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं निधौलीकलां थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर गादरी निवासी 45 वर्षीय राजेश अपनी 12 वर्षीय पुत्री डिंपल के साथ बाइक से मंगलवार शाम सब्जी लेने जा रहा था। इस दौरान गांव के बाहर बाइक को एक अन्य बाइक ने टक्कर मार दी। इससे पिता-पुत्री घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां चिकित्सक ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि पुत्री को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।