फिरोजाबाद के थाना रजावली क्षेत्र के टूंडला-एटा रोड पर शुक्रवार दोपहर दो डंपरों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत ने वीभत्स रूप ले लिया। दोनों डंपरों में आग लग गई। इस हादसे में दोनों डंपरों के चालकों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि एक क्लीनर को सुरक्षित बचा लिया गया है।
घटना दोपहर करीब 3:07 बजे एटा बॉर्डर पर इमलिया डेयरी के पास हुई। पुलिस के अनुसार, एक डंपर टूंडला से एटा की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रहे डंपर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। एक डंपर में बालू लदी थी। दूसरा खाली था। टक्कर होते ही डीजल टैंक फटने से आग लग गई और देखते ही देखते दोनों वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए।
हादसे में एक डंपर के चालक सुरेश पुत्र पूरन सिंह, निवासी मुरैना, मप्र और दूसरे डंपर के चालक भरत लाल पुत्र रामेश्वर दयाल, निवासी धौलपुर, राजस्थान को केबिन से निकलने का मौका नहीं मिला और उनकी जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, एक डंपर के क्लीनर धीरज निवासी धौलपुर को पुलिस और स्थानीय लोगों ने मशक्कत कर सकुशल बचा लिया।
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, हाईवे पर लगा जाम
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ), थानाध्यक्ष रजावली और पचोखरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सड़क पर डंपरों के फंसे होने के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने हाइड्रा मशीन बुलाकर दोनों क्षतिग्रस्त डंपरों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सुचारू हो सका।
">http://