एटा। लोगों के खाते खुलवाकर बेचना और टेलीग्राम के माध्यम से विभिन्न ग्रुप बनाकर ठगी करने के दो आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया है। थाना जैथरा पुलिस और साइबर व स्वाट इंटेलिजेंस टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की है। गिरोह अब तक एक करोड़ रुपये की ठगी कर चुका है।
सीओ अलीगंज नीतीश गर्ग ने बताया कि आरोपी ग्रुप बनाकर काम करते हैं। हर व्यक्ति का अलग-अलग कार्य होता है। इस गिरोह ने अब तक कुल नाै बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया गया है। इसमें सबसे बड़ी ठगी 92,30,000 रुपये की बेल्लूर तेलंगाना से की गई है। सभी घटनाओं को मिलाकर कुल 1,07,17,000 रुपये की ठगी की गई है।
जैथरा पुलिस और स्वाट व साइबर सेल की टीम ने मिलकर आरोपी मनोज कुमार व प्रदीप कुमार निवासी शाकीपुर को गिरफ्तार किया है। इनके पास से ठगी में प्रयोग किया जाने वाला एक एंड्रॉयड व एक कीपैड फोन और 1500 रुपये बरामद किए गए हैं।
आरोपी प्रदीप कुमार ने पूछताछ में बताया कि गांव में जाकर कम पढ़े या अनपढ़ लोगों को चिह्नित किया जाता है। इनको सरकारी योजनाओं व अन्य प्रकार के लाभ का लालच देकर अलग-अलग बैंक में खाते खुलवाए जाते हैं। इसके बाद खाते से संबंधित एटीएम कार्ड, पासबुक, चेक बुक और मोबाइल नंबर जो खाते में लगा होता है उसे आरोपी अपने पास रख लेते हैं। हर खाते के बदले में 1000 से 6000 रुपये तक खाताधारक को दिए जाते हैं।
साइबर ठगी के बाद जो रकम खातों में आती है उसमें से 30 से 40 फीसदी रुपया खाता खुलवाने वाले को दिया जाता है। आरोपी प्रभु दयाल व इसके साथी टेलीग्राम पर इंवेस्टमेंट और पार्ट टाइम जॉब जैसे ग्रुप बनाकर लोगों को छोटा लालच देते हैं। ग्रुप में जुड़ने के बाद पीड़ित रुपया लगाता है तो टास्क पूरा कराने के नाम पर बड़ी ठगी करते हैं।