एटा। थाना पिलुआ क्षेत्र में हाईवे पर एक लोहे के पाइप से भरा हुआ ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। जिसके चलते इटावा के चालक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
संजीव कुमार (32) निवासी कूकपुर थाना सैफई जिला इटावा ट्रक चालक है। रायपुर, छत्तीसगढ़ से लोहे के पाइप लेकर गाजियाबाद जा रहा था। शनिवार रात करीब 12:30 बजे जैसे ही वह ट्रक लेकर पिलुआ थाना में हाईवे पर भदुआ गांव के पास पहुंचा नींद की झपकी आ गई। जिसकी वजह से ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। ट्रक व डिवाइडर के बीच फंसकर संजीव बुरी तरह से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक के भाई अजय कुमार ने बताया कि रायपुर से गाड़ी में माल लोड करके संजीव गांव आ गया था। यहां से शनिवार की रात लगभग 9 बजे गाजियाबाद के लिए निकला था। रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गया। यह पता नहीं चल पा रहा है कि घटना कैसे हुई। वहीं थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि नींद में होने के चलते इसकी गाड़ी हाईवे व सर्विस रोड के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। जिसकी वजह से हादसा हो गया और चालक की मौत हो गई।