एटा। अलीगंज तहसील क्षेत्र के गांव मोर्चा नहर में 15 दिन से ट्रांसफाॅर्मर फुंका पड़ा है। विद्युत निगम की लापरवाही के कारण लोगों को होली का त्योहार भी अंधेरे में मनाना पड़ा। मंगलवार को उन्होंने विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर विरोध जताया।
होली पर बिजली आपूर्ति न मिलने पर गुस्साए ग्रामीण मंगलवार को अलीगंज स्थित विद्युत उपकेंद्र पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने एसडीओ अतुल कुमार से नाराजगी जताई। बताया कि राजा का रामपुर फीडर से उनके गांव को आपूर्ति मिलती है। 15 दिन पहले ट्रांसफाॅर्मर फुंक गया। कई दिन इंतजार करने पर भी ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला गया। इसके बाद बिजलीघर संपर्क किया। कर्मचारियों ने एक-दो दिन में ट्रांसफाॅर्मर बदले जाने का आश्वासन दिया था, लेकिन होली पर भी ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला गया। त्योहार के साथ ही बोर्ड परीक्षा देने वाले बच्चों को भी असुविधा उठानी पड़ी। एसडीओ अतुल कुमार ने ग्रामीणों से वार्ता कर शीघ्र ही ट्रांसफाॅर्मर बदलवाने का आश्वासन दिया।