फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

etah - आंधी-बारिश : 80 जगह हुए फॉल्ट, 10 विद्युत पोल झुके

विज्ञापन
जीटी रोड पर ठंडी सड़क तिराहा के पास मिट्टी धंसने से फंसी कार। संवाद - फोटो : ETAH
विज्ञापन
एटा। सोमवार सुबह 8 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और आंधी चलने लगी। बादल घिर आने से अंधेरा छा गया। इसके चलते 80 स्थानों पर बिजली के फॉल्ट हो गए। वहीं 10 विद्युत पोल झुक गए। इससे शहर की बिजली दो घंटे बाधित रही। वहीं इसके बाद बारिश होने लगी। करीब चार घंटे रिमझिम बारिश के साथ ही चली तेज हवाओं ने गर्मी से राहत दी, लेकिन सड़कों पर कई जगह जलभराव हो गया। जीटी रोड, निधौली रोड, आगरा रोड, शिकोहाबाद रोड पर सीवर लाइन खोदाई कार्य के चलते हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। यहां कीचड़ और दलदल जैसी स्थिति बन गई। जीटी रोड पर कई जगह खोदाई के बाद डाली गई मिट्टी धंस गई। जिसमें वाहन फंस गए।
विज्ञापन

सोमवार सुबह अचानक मौसम बदला। सुबह करीब आठ बजे धूल भरी आंधी चली। इससे शहर की बिजली गुल हो गई, जो करीब दो घंटे ठप रही। अधिशासी अभियंता आरबी रॉय ने बताया कि शहर के पांच बिजली घरों पर करीब 80 फॉल्ट हुए हैं। वहीं 10 पोल झुक गए। जिन्हें ठीक कराया जा रहा है। मोहल्ला नेहरू नगर, शिवओमपुरी, हिंदू नगर, नगला भजा, नई बस्ती, बारहबीघा आदि में दोपहर तक सप्लाई शुरू हो सकी। इसके बाद बारिश होना शुरू हो गई। करीब 15 मिनट तक झमाझम बारिश हुई।
जबकि दोपहर 12 बजे तक रुक-रुक कर रिमझिम बारिश होती रही। सड़कों पर चलने वाले दोपहिया वाहन सवार बारिश से बचने के लिए दुकानों के किनारे खड़े हो गए। कचहरी रोड पर एक पेड़ टूटने से रास्ता अवरुद्ध हो गया। जिसे स्थानीय लोगों ने हटाकर किनारे कर दिया। सबसे अधिक मुसीबत जीटी रोड पर रही। एक ओर की लेन पर सीवर लाइन कार्य करने के बाद मिट्टी डाली गई है, जो बारिश में गीली होकर दलदल में तब्दील हो गई। जबकि कई जगह तो मिट्टी धंसने से बड़े और गहरे गड्ढे हो गए। ठंडी सड़क तिराहा पर एक कार मिट्टी में धंस गई, जो दोपहर बाद तक यहां से निकाली नहीं जा सकी।
विज्ञापन

बाजार समेत गली-मोहल्लों में जलभराव
बारिश की वजह से शहर के प्रमुख बाजार घंटाघर, बूरा मंडी में जलभराव हो गया। यहां पर अमर उजाला ने नाली बंद होने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसके बाद भी नाली की सफाई नहीं कराई गई, जिसका भुगतान लोगों को जलभराव से जूझते हुए करना पड़ा। वहीं हाथी गेट में दलदल जैसी स्थिति बनी रही। इसके साथ ही नगला पोता, किदवई नगर, इस्लाम नगर, नगर पालिका कार्यालय परिसर, महिला अस्पताल आदि जगहों पर जलभराव हो गया।
शाम तक सुचारू नहीं हो सकी ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति
एटा/जलेसर/अवागढ़। सोमवार को बारिश व आंधी की वजह से ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी गुल रही। ग्रामीण क्षेत्र में करीब 20 विद्युत खंभे टूटने की वजह से शाम तक आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। रिजोर क्षेत्र में पांच, गंगनपुर में तीन और कासगंज रोड पर 12 बिजली के खंभे टूटे हुए पाए गए। वहीं बिजलीघर इशारा, बागवाला, इसौली और गढ़नपुर पर ब्रेकडाउन शाम तक लगा रहा। जिसकी वजह से करीब 50 गांव की विद्युत आपूर्ति ठप रही। जलेसर और अवागढ़ कस्बों में दोपहर 2 बजे तक आपूर्ति नहीं मिली।
अव्यवस्थित रही कचहरी
एटा। सुबह 8 बजे आई आंधी और इसके बाद हुई बारिश से कचहरी अव्यवस्थित रही। कई अधिवक्ता समय से कचहरी नहीं पहुंच सके। जबकि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले वादकारी आ ही नहीं पाए। ऐसे में कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन ने प्रस्ताव पारित कर सभी अदालतों में भेजा। जिसमें अधिवक्ता व वादियों के उपस्थित न होने पर न्यायालयों की ओर से प्रतिकूल आदेश पारित न किए जाने का अनुरोध किया गया। संवाद

घंटाघर पर जलभराव ।संवाद- फोटो : ETAH

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें