रोडवेज वर्कशॉप में खड़ी कराई गईं डग्गामार बसें ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। रोडवेज बस स्टैंड के आसपास ही डग्गामारी की जाती है। इसे लेकर रविवार रात अधिकारियों ने चेकिंग की। डग्गामारी करतीं तीन बसों को पकड़कर सीज किया गया है। वहीं अनधिकृत रूप से सड़क किनारे खड़े 41 वाहनों के चालान काटे गए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अधिकारी हरकत में आ गए हैं। प्रतिदिन डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
रविवार रात एआरएम राजेश यादव, एआरटीओ प्रशासन हेमचंद गौतम सहित कोतवाली नगर की पुलिस ने रोडवेज बस स्टैंड के पास से तीन डग्गामार बसों को पकड़ा। इस दौरान तीन बसों को आगरा रोड स्थित वर्कशॉप में खड़ा करा दिया गया। इसके अलावा अधिकारियों ने अलीगंज चुंगी और कासगंज रोड पर भी चेकिंग अभियान चलाया। हालांकि कार्रवाई को लेकर डग्गामार वाहन अन्य स्थानों पर नजर नहीं आए। इस बीच सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से खड़े किए गए वाहनों पर भी अधिकारियों ने कार्रवाई की।
अफसरों के हटते ही सक्रिय हो जाते हैं डग्गामार वाहन
डग्गामार वाहन संचालकों द्वारा अधिकारियों के साथ आंख-मिचौली का खेल खेला जा रहा है। जिस समय प्रशासनिक अधिकारी सड़कों पर उतरते हैं। तब डग्गामार वाहन सड़कों पर दिखाई नहीं पड़ते। जैसे ही अधिकारी हटते हैं, डग्गामार वाहन मौका देखकर रोडवेज बस स्टैंड के बाहर खड़े यात्रियों को बैठा कर निकल जाते हैं।