उत्तर प्रदेश के एटा में थाना निधौली कलां के गांव अहरमई निवासी तीन वर्षीय बालक को सर्प ने डस लिया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि सांप मेढक का शिकार कर रहा था। मेढक तो कूदकर भाग गया, लेकिन बालक शिकार बन गया।
विज्ञापन
गांव अहरमई निवासी दिनेश ने बताया कि सोमवार को बेटा प्रभास (3) घर पर खेल रहा था। उसकी मां घर पर काम कर रही थी। प्रभास खेलते-खेलते ही बेड से नीचे उतर गया। उसके बाद वह घर के बाहर जाने लगा। तभी दरवाजे पर एक सांप आ गया और उसको डस लिया।
बालक की मां ने बताया कि सांप एक मेढक का पीछा कर रहा था। मेढक कूदकर भाग गया। सांप ने मेरे बेटे को डस लिया। उसको लेकर मेडिकल कॉलेज आए। यहां उपचार के दौरान मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।