एटा। नगर पालिका परिषद के तीन नलकूप दो दिन से बंद पड़े हैं। जिसकी वजह से संबंधित इलाके के लोग पानी को तरस रहे हैं। दस मोहल्लों में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। नगर पालिका ने कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कराई है। लोगों के नहाने-धोने से लेकर घरेलू काम प्रभावित हो गए हैं।
नगर पालिका के शहर में कुल 22 नलकूप हैं, जिनमें से 12 ही संचालित हैं। बृहस्पतिवार को राजकीय इंटर कॉलेज के पास, अलीगंज रोड स्थित नर्सरी के पास और सिविल लाइंस स्थित नलकूप तकनीकी खामी से खराब हो गए। किसी का कंडेंसर खराब है तो किसी की मोटर जाम हो गई है। नगर पालिका ने शुक्रवार को भी इनकी मरम्मत नहीं कराई। जिसका खामियाजा संबंधित दस मोहल्लों की आबादी को भुगतना पड़ रहा है। नलकूप खराब होने की वजह से लोगों को पानी की आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।