एटा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक की भर्ती की जा रही है। जिसमें पांच हजार से अधिक आवेदन आ चुके हैं। अब इनकी जांच की जा रही है। विकासखंड निधौली कलां की ग्राम पंचायत में देवर और भाभी आवेदन कर भर्ती की होड़ में आमने-सामने आ गए हैं। उन्होंने मृतक आश्रित का लाभ लेने के लिए एक दूसरे के खिलाफ आपत्ति दायर की है।
विकासखंड निधौली कलां की ग्राम पंचायत धौलेश्वर में विनय कुमार और उसकी भाभी सुमन ने पंचायत सहायक के लिए आवेदन किया। इसके साथ ही दोनों लोगों ने कोरोना में मृतक आश्रित का दावा किया। ग्राम विकास अधिकारी विजय बहादुर ने बताया कि दो आवेदन मृतक आश्रित से संबंधित थे। इनकी जांच करने पर पता लगा कि शिशुपाल की कोरोना से मृत्यु हुई थी।
विनय उनका छोटा पुत्र और सुमन पुत्रवधू है। शासनादेश के अनुसार पुत्रवधू को कोरोना में मृतक आश्रित की श्रेणी में नहीं रखा गया है। इसलिए विनय कुमार का चयन मृतक आश्रित के रूप में करते हुए जांच रिपोर्ट एडीओ पंचायत को सौंप दी है।