एटा। जलेसर भाजपा विधायक संजीव कुमार दिवाकर के आवास पर उपद्रव करने वालों पर लूट, डकैती और महामारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों को पुलिस ने जेल भेजा है। सीसीटीवी फुटेज से पहचाने गए अन्य उपद्रवियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि सोमवार को जलेसर विधायक के आवास पर तोड़फोड़ और मारपीट करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। साथ ही गिरफ्तार किए गए प्रयाग सिंह, उदयवीर सिंह और ज्ञान सिंह निवासी गांव बेलपीपरी थाना सकरौली को जेल भेजा है। एसएसपी ने बताया कि गिर्राज किशोर निवासी मोहल्ला गोलनगर सासनी रोड की तहरीर पर डकैती, आचार संहिता उल्लंघन, महामारी अधिनियम और एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इसमें आरोपी रजनी, ज्ञान सिंह सहित 50-60 पुरुष तथा 30-40 महिलाएं शामिल हैं। वादी की ओर से आरोप लगाया गया है कि उपद्रवियों ने विधायक के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। मना करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। उनकी जेब में रखे 25 हजार रुपए लूट लिए। एसएसपी का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।