श्री संजीव सर के ध्यानार्थः मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग वार्ड से निकालने के बाद मुख्य गेट पर लेटा
एटा। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की घोर लापरवाही के चलते एक मरीज को वार्ड से निकाल दिया गया। उपचार न होने पर शनिवार को मरीज मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट के पास जमीन पर लेटा मिला। इस घटना ने मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं और मरीजों के प्रति जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शहर सटे गांव गंगनपुर निवासी उपदेश पैर में दर्द की समस्या पर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को आया था। चिकित्सकों ने उसे हड्डी वार्ड में भर्ती करा दिया। उसका आरोप है कि शनिवार को उसे वार्ड से बाहर कर दिया गया। इसके बाद वह अस्पताल के मुख्य गेट के पास पहुंच गया और वहीं लेट गया। पूछने पर बताया कि उसके पैर में कई दिनों से दर्द हो रहा था। शुक्रवार को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज आया था। शनिवार को उसे हड्डी रोग वार्ड से बाहर निकाल दिया गया, जबकि उसका दर्द ठीक भी नहीं हुआ है।
मेडिकल कॉलेज में तैनात सुरक्षा गार्ड और अन्य कर्मचारियों ने उसे गेट से उठा दिया। इसके बाद वह मेडिकल कॉलेज के बाहर लेट गया। वह दर्द से कराहता रहा। इस मामले में सीएमएस डॉ. सुरेश चंद्रा ने कहा कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले की जांच कराई जाएगी।