जलेसर। रेलवे स्टेशन रोड पर चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोर पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान की छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और जीने का ताला तोड़कर बक्से में रखा सामान समेट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कस्बे के रेलवे स्टेशन रोड निवासी ऊषा देवी ने पुलिस को बताया कि 17 नवंबर को वह अपने नवनिर्मित मकान में साफ-सफाई करने पहुंचीं। इस दौरान उन्हें चोरी की जानकारी हुई। चोरों ने पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान की छत से उनके घर में प्रवेश किया था। इसके बाद जीने का ताला तोड़कर बक्से में रखा सामान खंगाल लिया। पीड़िता के मुताबिक चोर घर से करीब 10 ग्राम सोने के कान के झुमके, करीब 10 ग्राम का मंगलसूत्र, सोने की दो अंगूठियां और एक जोड़ी चांदी की पायल चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी अखिलेश दीक्षित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच एसआई रविराज सिंह को सौंपी गई है। चोरों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्य और सुराग जुटाए जा रहे हैं।