एटा। विकासखंड शीतलपुर के गांव कुसाड़ी में क्षय रोग केंद्र खोला गया है। एक सप्ताह पहले ही मंगलवार को धूमधाम से इस केंद्र का उद्घाटन सीएमओ द्वारा किया गया। उद्घाटन के बाद यहां पर मरीज पहुंचने लगे लेकिन इनकी जांचें नहीं हो पा रही हैं। स्वास्थ्य कर्मचारियों का कहना है कि विद्युत आपूर्ति नहीं आने की वजह से मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है। कुसाड़ी में क्षय रोग केंद्र खुलने के बाद स्वास्थ्य कर्मचारियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
यहां पर विभाग की ओर से देहात फीडर से आने वाली विद्युत आपूर्ति से कनेक्शन कर दिया गया है। इसकी वजह से दोपहर के वक्त में सिर्फ एक से दो घंटे ही विद्युत आपूर्ति मिल पा रही है। बिजली नहीं आने की वजह से एक्सरे भी नहीं हो पा रहे हैं। सीबी नॉट मशीन भी संचालित नहीं हो पा रही है, जिससे मरीजों को वापस ही लौटना पड़ रहा है। क्षय रोग अधिकारी डॉ. गौरव यादव ने बताया कि बिजली न आने की समस्या को लेकर कई बार अधिशासी अभियंता ओपी पाल को अवगत कराया गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।