एटा। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में मंडी समिति स्थित एटा केंद्रीय थोक उपभोक्ता सहकारी भंडार लिमिटेड से अज्ञात लोगों ने चोरी कर ली। पास में ही स्थित जिला सहकारी बैंक में भी चोरी का प्रयास किया।
केंद्रीय थोक उपभोक्ता सहकारी भंडार के केंद्र प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि बुधवार की रात दुकान के ताले तोड़कर गेहूं के बीज, सल्फर, जाइम 20 किलो की बाल्टी और यूरिया आदि सामान चोर ले गए। बृहस्पतिवार की सुबह जब दुकान का शटर आधा खुला देखा, तो चोरी की घटना के बारे में जानकारी हुई।
वहीं, एटा जिला सहकारी बैंक लिमिटेड शाखा मंडी समिति की प्रबंधक हेमलता सिंह ने बताया कि 13 नवंबर की रात में चोर बैंक की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद कैमरा और डीवीआर के साथ छेड़छाड़ की। 14 नवंबर की सुबह पास में ही स्थित उपभोक्ता भंडार संचालक रवि कुमार ने जानकारी दी।
मौके पर पहुंचकर देखा तो केबिन के दरवाजे भी खुले हुए थे। ऐसा लग रहा था कि कुछ लोग बैंक में चोरी के उद्देश्य से खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे हों। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं। कुछ आरोपी कैमरे की जद में आए हैं, उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।