अलीगंज। नयागांव थाना क्षेत्र का एक युवक पत्नी और बच्चे के साथ बाइक से अलीगंज आया था। बाजार में अचानक पेट्रोल खत्म होने पर वह पंप पर पेट्रोल लेने चला गया। वापस आने पर पत्नी और बच्चा लापता थे। काफी तलाश के बाद भी न मिलने पर युवक ने थाने पहुंचकर सूचना दी।
नयागांव थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक सोमवार दोपहर को बाइक से पत्नी के साथ अलीगंज आया था। यहां उसे डाकघर में कुछ काम था। पत्नी और अपने पांच साल के बेटे को बाजार से खरीदारी कराने एवं घुमाने साथ लाया था। बाजार में अचानक पेट्रोल समाप्त होने पर बाइक बंद हो गई। पत्नी के भरोसे बाइक छोड़कर वह पंप पर पेट्रोल लेने चला गया। वापस आने पर पत्नी और बालक दोनों वहां नहीं मिले।
काफी तलाशने पर कोई जानकारी नहीं मिली। काफी देर तक वह बाइक पर खड़ा होकर इंतजार करता रहा। गांव में पता करने पर भी पत्नी के घर न पहुंचने की जानकारी हुई। इस पर अर्जुन ने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि लोगों से जानकारी मिली है कि यह महिला इससे पहले एक बार महाराष्ट्र के एक युवक के साथ भी चली गई थी, जो बाद में वापस आ गई थी। तलाश शुरू कर दी गई है।