शराब माफियां बंटू के एनकाउंटर की अफवाह पर डीएम आवास के सामने बैठी महिलाएं
- फोटो : ETAH
शराब माफिया बंटू यादव की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार की सुबह अफवाह उड़ गई कि पुलिस उसका एनकाउंटर करने जा रही है। इस पर ग्रामीण भड़क गए। वह ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर कोतवाली देहात पहुंच गए। यहां के बाद ग्रामीणों ने डीएम आवास को घेर लिया। करीब तीन घंटे तक चले घेराव के बाद डीएम द्वारा बंटू यादव का चालन कर जेल भेजने के आश्वासन पर ग्रामीण माने।
कोतवाली देहात क्षेत्र में बरामद शराब पेटियां गायब करने और फर्जी मुठभेड़ मामले में शराब माफिया बंटू यादव को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव दरिगपुर निवासी शराब माफिया बंटू यादव उर्फ प्रदीप की पुलिस हिरासत में एनकाउंटर करने की अफवाह शुक्रवार को फैल गई। इसके बाद माफिया के गांव में हड़कंप मच गया और चार-पांच ट्रैक्टरों में सवार होकर महिलाएं और पुरुष थाना कोतवाली देहात और कलक्ट्रेट स्थित डीएम आवास पर पहुंच गए। इन लोगों की मांग थी कि लिखा पढ़ी करने के बाद बंटू यादव को जेल भेजा जाए। अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को समझाया कि ऐसा कुछ भी नहीं होगा। इसके बाद भी चालान होने तक ग्रामीण कोतवाली देहात और जिलाधिकारी आवास के सामने पार्क में बैठे रहे।
बेटी ने बताई परिजनों को एनकाउंटर की बात
शराब माफिया बंटू यादव की बेटी पूनम का कहना है कि कोतवाली देहात में पिता से मिलने शुक्रवार की सुबह गई थी, यहां पर कुछ पुलिसकर्मी एनकाउंटर होने की बात आपस में कर रहे थे। ऐसा ही पिता ने भी बताया कि बेटी मेरा एनकाउंटर होने जा रहा है। इसके बाद ग्रामीणों को बताया और ग्रामीण कोतवाली देहात पर पहुंच गए।
पुलिस ने माफिया को जेल भेजा
कोतवाली देहात पुलिस ने माफिया बंटू यादव का शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे चालान कर अदालत में पेश किया और बाद में जेल भेज दिया गया।
माफिया बंटू यादव का एनकाउंटर पुलिस द्वारा किए जाने की अफवाह फैलाई गई है। इसके बाद ग्रामीण आए थे। ग्रामीणों को ऐसा कुछ भी नहीं होने का आश्वासन दिया गया और माफिया को जेल भेज दिया गया है।
ओपी सिंह, एएसपी