ग्राम पंचायत चुनाव तो खत्म हो गया लेकिन चुनावी रंजिश खत्म नहीं हो रही है। तीन पीड़ित ने ऐसे मामले में गुरुवार को रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। वहीं पुलिस आग और लूट की वारदात संदिग्ध मान रही है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने कोतवाली का घेराव किया।
गांव सिरसा वदन निवासी महेश चंद ने आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध झोपड़ी में आग लगाने और विरोध पर गाली देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। महेश ने बताया कि वोट डालने जाते वक्त कुछ लोगों ने उसकी झोपडी़ में आग लगा लगाई थी। दूसरी घटना इसी गांव की है जहां एक पक्ष ने वोट डालने जाते वक्त घर में कोई नहीं होने पर छेड़खानी और लूटपाट का आरोप लगाया है। पीड़ित विजयपाल सिंह ने तहरीर दी। गांव निवासी असमाजिक तत्वों पर घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट कर पुत्रवधू से छेड़खानी और तोड़फोड़ कर 30 हजार, सोने के गहने लूटने का आरोप लगाया गया है। लामबंद ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस को तहरीर देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि अब पुलिस वारदात को संदिगध मान कर रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने कोतवाली का घेराव कर मामलों में रिपोर्ट करने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।