एटा। थाना व कस्बा जलेसर स्थित सादाबाद रोड पर साइकिल से जा रहे चौकीदार को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। पुलिस गंभीर हालत में लेकर सीएचसी पहुंची। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा अलग-अलग हादसों में आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें से तीन को रेफर किया गया है। थाना क्षेत्र के गांव नगला मितन निवासी ज्ञान सिंह (55) की हादसे में मौत हुई है। मृतक के पुत्र रमेशपाल का कहना है कि पिता रविवार रात करीब नौ बजे चौकीदारी करने के लिए ईंट-भट्ठा पर जा रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर हम लोग अस्पताल पहुंचे, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
आगरा रोड स्थित कोतवाली देहात के पास बाइकों की भिड़ंत में दुर्वेश कुमार व महेशचंद्र निवासी गदनपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल से आगरा रेफर किया गया है। जबकि थाना व कस्बा अवागढ़ के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार अमर सिंह व रोहित निवासी गांव विक्रमपुर थाना अवागढ़ घायल हुए हैं। अमर सिंह को रेफर किया गया है। थाना बागवाला क्षेत्र स्थित गांव कीलरमऊ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार कौशल कुमार व सत्यवीर निवासी गांव सोंसा घायल हुए हैं। थाना रिजोर क्षेत्र स्थित गांव रजकोट के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार जयप्रकाश और पुष्पेंद्र निवासीगण सुरैला थाना जसराना जिला फिरोजाबाद घायल हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।