एटा। सुबह हल्की राहत के बाद दोपहर में गर्मी के तेवर चढ़ गए। रविवार दोपहर के समय तेज धूप ने बाहर निकलने वालों को झुलसन का अहसास कराया। वहीं, लू के थपेड़ों ने बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बाहर निकलने और काम करने वाले लोग गर्मी की वजह से अकुलाते नजर आए।
शनिवार शाम को आई आंधी और हल्की बूंदाबांदी से मौसम का मिजाज कुछ बदला था। रविवार सुबह भी बादल रहने से गनीमत महसूस हो रही थी। इसके कारण न्यूनतम तापमान बीते दिन की अपेक्षा 1 डिग्री कम 28 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, लेकिन जैसे ही समय आगे बढ़ा और धूप निकली, मौसम का मिजाज तल्ख होता गया।
तापमान का ग्राफ तेजी से ऊपर चढ़ता गया और दोपहर 1 बजे के करीब यह अधिकतम 43 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। करीब दो घंटे तक ऐसे ही प्रचंड गर्मी पड़ती रही। हवा तो तेज चल रही थी, लेकिन यह राहत के बजाए मुसीबत ही दे रही थी। लू के थपेड़ों के रूप में टकराकर ये लोगों को और बेहाल कर रही थी।
तीन दिन नहीं राहत के आसार
अभी तीन दिन और राहत के कोई आसार नहीं है। कृषि विज्ञान केंद्र अवागढ़ के मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि आसमान में हल्के बादल तो छाते रहेंगे, लेकिन गर्मी में कमी नहीं आएगी। अधिकतम तापमान लगभग इतना ही बना रहेगा। 24 मई को बरसात की संभावना है। इससे तापमान में कुछ कमी आ सकती है।
बरतें सावधानी
आईएमए के जिला सचिव डॉ. ऋषभ सक्सेना ने बताया कि इन दिनों तापमान का खतरनाक स्तर है। विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सबसे अच्छा उपाय शुद्ध पानी है, इसे पर्याप्त मात्रा में लें। प्यास का ही इंतजार न करें, नियमित अंतराल पर पीते रहें। अन्य तरल पदार्थ भी ले सकते हैं। जबकि चाय, कॉपी, शराब के सेवन से बचें। धूप में निकलना पड़ रहा है तो खासतौर से सिर का बचाव कैप, अंगोछा आदि से जरूर करें।
- राजीव