कासगंज। बृहस्पतिवार की सुबह टहलने जा रहे एक युवक ने बहादुरी का कार्य किया। हजारा नहर पर खुदकुशी करने की कोशिश कर रहे युवक को दौड़कर पकड़ लिया और उसकी जान बचा ली। जान बचाने वाले इस युवक की बहादुरी पर पुलिस ने सम्मान देने का निर्णय लिया है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि जान बचाने वाले युवक को 26 जनवरी को सम्मानित किया जाएगा।
मूल रूप से गांव इटौआ के रहने वाले पुष्पेंद्र यादव अस्थायी रूप से बिलराम गेट क्षेत्र में रह रहे हैं। वे नित्य की भांति बृहस्पतिवार को सुबह 6:30 बजे टहलने के लिए हजारा नहर की ओर गए। यहां उन्होंने देखा कि एक युवक हजारा नहर के पुल पर चढ़कर नहर में कूदने की कोशिश कर रहा है। दौड़कर पुष्पेंद्र ने उसे पकड़ लिया वह बार-बार कह रहा था कि उसे जान देनी है वह पारिवारिक कलह से परेशान है। जान बचाने वाले युवक ने उसे काफी समझाया और भरोसा दिया कि उसकी मदद की जाएगी। पूछने पर युवक ने अपना नाम गांव हिम्मतपुरसई निवासी खेतपाल बताया। इधर पुष्पेंद्र ने मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस कंट्रोल रूम की टीम मौके पर पहुंच गई।