एटा। पति ने प्रेम संबंधों में बाधक बनी पत्नी को रास्ते से हटाने और उसकी बीमा की रकम हड़पने के लिए पति ने उसको मौत के घाट उतार दिया। गांव छितौनी के बाहर 22 सितंबर को हाईवे बाईपास के सर्विस रोड पर महिला का शव मिला था।
परिजन ने दुर्घटना में मौत होने की बात कही थी और मृतका के भाई ने हत्या का आरोप लगाया था। मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल से पूरा राज खुल गया। पति सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कोतवाली देहात थाना प्रभारी जेके गौतम ने बताया कि गांव छितौनी निवासी पंकज के गांव की महिला के साथ प्रेम संबंध चल रहे थे। 22 सितंबर को पंकज ने अपने मित्र दिलीप कुमार निवासी नगला शीशिया के साथ मिलकर योजना बनाई।
इसके तहत दोनों आरोपियों ने एक लोडर वाहन किराए पर लिया और गांव के बाहर सर्विस रोड पर खड़े हो गए। दिलीप कुमार ने पंकज की पत्नी आकांक्षा को कॉल कर सर्विस रोड पर बुलाया और सामने आते ही तेजी के साथ लोडर चलाते हुए टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी वहां से लोडर लेकर चले गए और आगे ढाबा पर खाना भी खाया। फिर लोडर को दूसरी जगह खड़ा कर वहां से चले गए।
पुलिस टीम ने मृतका की कॉल डिटेल के आधार पर लगातार जांच-पड़ताल करते हुए शनिवार को मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को अलीगंज मार्ग स्थित नरहरा गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर एक लोडर वाहन भी बरामद किया गया है।
आरोपी पंकज ने पूछताछ में बताया कि आकांक्षा प्रेम संबंध में बाधक बन रही थी। इसी वजह से उसे रास्ते से हटाना चाहते थे। लगभग 6 माह पूर्व आकांक्षा का बीमा कराया था।
दुर्घटना के बाद मामला अगर पता नहीं चलता तो बीमा की रकम भी हड़प लेते। सीओ सदर संजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और कार्रवाई की जा रही है।