एटा। बरेली और कासगंज के गंजडुंडवारा में आई लव मोहम्मद के पोस्टर विवाद के बाद जिले में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। शुक्रवार की देर रात एसएसपी ने एएसपी और क्षेत्राधिकारी सदर को साथ लेकर पैदल मार्च किया। लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि हर थाने पर पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने को कहा गया है। जनता से अपील है कि शांति बनाए रखें। किसी प्रकार की अफवाह न फैलाएं। सोशल मीडिया या अन्य किसी माध्यम से सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने वाली पोस्ट न डालें। किसी भी व्यक्ति ने जिले में किसी भी स्थान पर अराजकता फैलाने का प्रयास किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। देर रात एसएसपी ने एएसपी राजकुमार सिंह, सीओ सदर संजय सिंह के साथ सीओ सिटी कार्यालय पर बैठक भी की।