शहर के कैलाश मंदिर पर स्थित भोजनालय-
- फोटो : शहर के कैलाश मंदिर पर स्थित भोजनालय
एटा। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर कैलाश मंदिर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर को आकर्षक बनाने के लिए फूलों से लेकर लाइटों, झंडियों से मंदिर को सजाया जाएगा। पर्व पर सुबह 4 बजे से मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
महाशिवरात्रि पर्व के लिए मंदिर प्रशासन ने कार्यक्रम जारी किया है। जिसके तहत सोमवार को मंदिर की अंतरिम सजावट की जाएगी। कैलाश मंदिर के महंत धीरेंद्र झा ने बताया कि रंगाई-पुताई से लेकर मंदिर में लगे घंटे-घडियालों की सफाई पूर्ण कर ली है। रविवार को मंदिर के शिखर से लेकर चारों ओर लाल झंडियाें को स्थापित किया गया है। महाशिवरात्रि पर सुबह 4 बजे मंदिर के कपाट खुलेंगे।
सुबह 4:30 बजे श्रृंगार दर्शन के साथ आरती होगी। सुबह से लेकर दोपहर 2 बजे तक चतुर्मुखी शिवलिंग पर भक्त और कांवड़िए जलाभिषेक कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि संध्या आरती शाम 7 बजे और शयन आरती रात 10 बजे जिले के मशहूर बैंडबाजों की धुन पर होगी। गर्भगृह के आसपास बरेली से आए कारीगरों द्वारा फूलबंगला सजाया जाएगा।
मंदिर परिसर में गरीबों, साधू-संतों के लिए भोजन की व्यवस्था : महंत ने बताया कि मंदिर में गरीबों और साधु-संतों के लिए भोजन की पूरी व्यवस्था है। भगवान के भोग के बाद यहां सुबह और शाम को भंडारे का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि कोई भूखा न रहे, इसके लिए ये पहल की गई है। ऐसे लोग कैलाश मंदिर भोजनालय में आकर पेट भरकर निशुल्क भोजन प्राप्त कर सकते हैं। अन्य लोग 20 रुपये देकर भोजन कर सकते हैं।