कासगंज रोड स्थित टेंट के गोदाम में जलती आग ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। टेंट के गोदाम में भीषण आग लगने के चलते तीन वाहनों सहित लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर अग्निशमन कर्मियों ने पहुंचकर आस पास के मकानों को खाली कराने के बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया।
कोतवाली देहात क्षेत्र आईटीआई के सामने इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित मोहल्ला जीएस पुरम निवासी देवजीत के टेंट गोदाम में मंगलवार की रात करीब 12.30 बजे अचानक आग लग गई। आग की भीषणता देखकर आस पास के घरों में रहने वाले लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। खबर मिलते ही अग्निशमन कर्मी पहुंच गए और आग को काबू में करने से पहले आस पास घरों में रह रहे लोगों से मकान को खाली कराया।
इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने दो घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक एक स्कार्पियो कार, एक ट्रैक्टर और एक बाइक सहित टेंट का सारा सामान जलकर कर राख हो गया। अग्निशमन प्रभारी राहुल गौतम ने बताया है कि आग लगने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है लेकिन शॉर्ट सर्किट से आग लगने के संभावना लग रही हैं। गोदाम में खड़े कार, ट्रैक्टर, बाइक सहित टेंट का सामान जलकर राख हुआ है।