एटा। शासन के निर्देशानुसार विद्युत निगम और नगर पालिका में सोमवार को जनसुनवाई का आयोजन किया गया। दोनों ही कार्यालयों में कुल दस शिकायतें प्रस्तुत की गईं। जिनका तत्काल निस्तारण कराया गया। विद्युत निगम में सोमवार सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक अधिशासी अभियंता कार्यालय में विद्युत संबंधी समस्या, शिकायतों को सुना गया। इस दौरान शहरी क्षेत्र में लोड बढ़ाने, सिक्योरिटी फीस जमा करने, मोबाइल नंबर अपडेट करने और समन शुल्क जमा करने की समस्याएं आईं। जिनका तत्काल निस्तारण कराया गया। वहीं देहात क्षेत्र में दो नलकूप के बिल को लेकर शिकायतें आई। वहीं तीसरी शिकायत कई साल से बिल न मिलने की रही। बिल निकलवाकर इसका निस्तारण किया गया।
अधिशासी अभियंता आरबी रॉय ने बताया कि जनसुनवाई में तुरंत निस्तारण किया जा रहा है। लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है कि अधिक संख्या में पहुंचकर लाभ प्राप्त करें। वहीं नगर पालिका परिषद में जनसुनवाई के दौरान दो समस्याएं कर से संबंधित थीं। वहीं तीसरी समस्या जलापूर्ति से संबंधित थी जिसका तत्काल निस्तारण कराया गया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. दीप वार्ष्णेय ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त हुई तीन समस्याओं का निस्तारण कराया गया है।