एटा। 15 अप्रैल से सहालग शुरू हो रहे हैं। दावत के लिए सिलिंडर की किल्लत से लोग टेंशन में हैं। वह सिलिंडर के लिए भटक रहे हैं। इसको लेकर जिला पूर्ति विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है। अब शादी-विवाह या किसी अन्य बड़े पारिवारिक कार्यक्रम के लिए कमर्शियल सिलिंडर के लिए अस्थायी कनेक्शन लेना होगा। इसके बाद ही सिलिंडर मिल सकेंगे। कार्यक्रम के लिए शादी का कार्ड, आयोजन का विवरण और मेहमानों की संख्या बताना अनिवार्य होगा।
जिला पूर्ति कार्यालय में कई परिवार बुधवार को शादी-समारोह के लिए सिलिंडर आवंटन की अनुमति लेने पहुंचे। जिला पूर्ति निरीक्षक कमलेश कुमार गुप्ता ने बताया कि बिना दस्तावेज की जांच के किसी को भी सिलिंडर नहीं दिया जाएगा। आवेदकों को सबसे पहले शादी का निमंत्रण-पत्र दिखाना होगा जिसके बाद उन्हें संबंधित गैस एजेंसी पर भेजा जाएगा जहां अस्थायी कनेक्शन की अनुमिति लेनी होगी। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से यह व्यवस्था इसलिए लागू की गई है।
जिससे सहालगों में गैस की बढ़ती मांग के बीच किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और जरूरतमंदों को समय पर सिलिंडर उपलब्ध कराया जा सके।