एटा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने टीईटी अनिवार्यता के विरोध में आंदोलन शुरू किया है। मंगलवार को परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया।
जिलाध्यक्ष प्रवीन कुमार फौजी ने बताया कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 में संशोधन कर अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त सेवारत शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण होने की अनिवार्यता से मुक्त करने के लिए काले कपड़े और काली पट्टी बांधकर विद्यालयों में शिक्षण कार्य किया जा रहा है।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम में शिक्षक नियुक्त होने अथवा प्रोन्नति हेतु टीईटी उत्तीर्ण अनिवार्य किया गया था जिसमें अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को भी टीईटी उत्तीर्ण होना अनिवार्य होने से संबंधित कोई आदेश दिशा-निर्देश नहीं था। न ही भारत सरकार अथवा किसी राज्य सरकार द्वारा इस दिशा में कोई कार्रवाई की गई।
इस दौरान प्रांतीय एवं जिला मंत्री वीरपाल सिंह जाटव, धर्मेंद्र सिंह चौहान, संगीता वर्मा, शौर्य मिश्रा, प्रियंका, प्रदीप कुमार, मुकेश कुमार जाटव, सुधीर कुमार यादव, ओंकार सिंह लोधी, कांति यादव आदि शिक्षक मौजूद रहे।