अलीगंज। विद्यालय से छुट्टी होने पर बाइक से घर जा रहे शिक्षक पर तीन युवकों ने हमला कर घायल कर दिया। भीड़-भाड़ वाले इलाके में लोगों के बीच बचाव करने पर हमलावर युवक शिक्षक को जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। घायल शिक्षक को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।
कस्बे के मोहल्ला गंगा दरवाजा निवासी शिक्षक अमित कुमार विद्यालय से छुट्टी होने पर बाजार से घर का सामान लेकर बाइक से अपने घर जा रहे थे। गांधी मूर्ति चौराहे पर जाम अधिक होने पर वह खड़े थे। तभी पीछे से बाइक पर आए तीन युवकों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। साथ ही तीनों युवक गालीगलौज करने लगे।
विरोध करने पर हमला कर दिया। मारपीट होते देख जाम में मौजूद लोगों के हस्तक्षेप करने पर युवक चले गए। इस मामले की तहरीर शिक्षक ने कोतवाली में दी है। कोतवाली प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि शिक्षक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर हमला करने वाले युवकों पर कार्रवाई की जाएगी।