कासगंज। बेसिक शिक्षा विभाग ने फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी करने वाले एक शिक्षक की सेवाएं शिक्षा विभाग ने समाप्त कर दीं हैं। शिक्षक को सेवाएं समाप्त करने का नोटिस भी सौंप दिया गया है।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्व विद्यालय से वर्ष 2014 में बीएड करने वाले शिक्षकों की सूची एसआईटी ने शिक्षा विभाग को सौंपी थी। इस सूची के आधार जिले में 92 शिक्षक चिह्नित किए गए। इसमें से 90 शिक्षकों की सेवाएं शिक्षा विभाग ने पहले ही समाप्त कर दी थी, लेकिन कोर्ट ने इन शिक्षकों को राहत दे दी। कोर्ट ने बेसिक शिक्षा अधिकारी के सेवा समाप्ति के आदेश पर रोक लगा दी।
जबकि एक शिक्षक ने आरटीआई लगा दी थी, जिससे उसके खिलाफ कार्रवाई स्थगित हो गई। शिक्षक पवन सिढ़पुरा के नगला वाले पर तैनात थे। विभाग ने उनकी सेवा को समाप्त कर दिया। शिक्षक को इस संबंध में नोटिस भी जारी कर दिया गया। इसी के साथ ही उसके वेतन आहरण पर भी रोक लगा दी। बेसिक शिक्षा अधिकारी अंजली अग्रवाल ने बताया कि एक शिक्षक की सेवाएं समाप्त होने से रह गई थी। उसकी सेवा को समाप्त कर दिया गया है। जिसका नोटिस भी शिक्षक को उपलब्ध करा दिया गया।