प्रेसवार्ता करते आम आदमी पार्टी के विधायक अजेश यादव साथ में प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण यादव ।
- फोटो : ETAH
एटा। आम आदमी पार्टी के विधायक और एटा-फिरोजाबाद जिलों के चुनाव प्रभारी अजेश यादव और प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण यादव ने संयुक्त प्रेस वार्ता में केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने जो कार्य किए हैं, उन्हें यूपी में सरकार बनने पर जनता के लिए लागू किया जाएगा।
स्थानीय गुप्ता होटल में रविवार को पत्रकारों से वार्ता में विधायक अजेश यादव ने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में सत्ता आने पर पार्टी लोगों को बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं मुहैया कराएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वह लोगों को समझाएं कि अपने बच्चों का भविष्य बनाने के लिए वह आप को वोट दें। किसान आंदोलन पर उन्होंने कहा कि देश में किसानों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है, इससे किसानों में आक्रोश है।
प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण यादव ने बताया कि शीर्ष नेतृत्व द्वारा बुंदेलखंड एवं अन्य क्षेत्रों में संगठन विस्तार के लिए वह शीघ्र ही जाएंगे। इस दौरान मनोज जैन को व्यापार प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष, रिटायर्ड शिक्षक समुद्र गुप्त को शिक्षा प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष बनाया गया वहीं विमल यादव को आप में शामिल किया गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष डीके राजपूत, शिवांश मिश्रा, मो. इशाक, अवनीश कुमार, अनुज यादव, रवि यादव, ऋतप्रिय, अर्जुन, प्रियांश, राजीव शाक्य व जितेंद्र सिंह आर्य आदि रहे।