निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करते नोडल अधिकारी गोविंद राजू व डीएम डॉ. विभा चहल ।
- फोटो : ETAH
एटा। आयुक्त एवं निदेशक उद्योग उत्तर प्रदेश एवं जनपद के नोडल अधिकारी गोविंद राजू एनएस ने जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम बमनई में प्रधानमंत्री आवास देखा, वहीं मारहरा नगर पालिका का निरीक्षण किया। जहां कर वसूली को लेकर जानकारी की।
नोडल अधिकारी ने मंगलवार को निर्माणाधीन राजकीय मेडीकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर से कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी की। वहीं एकेडमिक ब्लॉक, प्रशासनिक भवन का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता को चेक किया। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन की मंशानुरूप निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए। निर्माण कार्य के दौरान सभी कर्मचारी हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें, साथ ही सुरक्षा के इंतजाम भी किए जाएं।
नोडल अधिकारी ने विकास खंड निधौलीकलां के ग्राम बमनई में निगरानी समिति के सदस्यों से वार्ता की। ग्रामीणों द्वारा विद्युत की समस्या के बारे में जानकारी दी गई, जिस पर उन्होंने अधिशासी अभियंता को समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने गांव में भ्रमण कर सामुदायिक शौचालय, किरन देवी का निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास भी देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन घरों में शौचालय नहीं हैं, उनके द्वारा सामुदायिक शौचालय का प्रयोग किया जाए।
पंचायत भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने अंत में नगर पालिका परिषद मारहरा कार्यालय पहुंचे। यहां अधिशासी अधिकारी से निकाय क्षेत्र की कार्यप्रगति एवं संचालित योजनाओं की प्रगति के बारे में चर्चा की। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. विभा चहल, सीडीओ अजय प्रकाश, सीएमओ डॉ. अरविंद कुमार गर्ग, सीवीओ एसपी सिंह, डिप्टी कलेक्टर अलंकार अग्निहोत्री आदि अधिकारी रहे।