मिरहची। जिम्मेदारों की लापरवाही मौत बनकर सड़कों पर टहल रही है। सरनऊ गांव में सांड़ के हमले से किसान की मौत हो गई। इससे किसानों में सिस्टम के खिलाफ नाराजगी भी है। जिले में सात माह में सांड़ों के हमले से 11 लोगों की जान जा चुकी है।
गांव सरनऊ के हरेंद्र सिंह (45) शनिवार की शाम पशुओं के लिए चारा लेने अपने खेत पर जा रहे थे। रास्ते में बैठे सांड़ ने हमला कर पटक दिया। हरेंद्र के अचेत होते ही सांड़ चला गया। इस दौरान खेतों में काम कर रहे किसान और गांव के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। हरेंद्र को गंभीर हालत में कस्बे के अस्पताल ले जाया गया। यहां से मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
लगातार हालत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। अलीगढ़ में उपचार के दौरान हरेंद्र ने रविवार की देररात दम तोड़ दिया। वहीं, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहर सिंह ने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में लावारिस गोवंश हैं। यह फसलों को हर साल तगड़ा नुकसान पहुंचाते हैं। जान के लिए भी बड़ा खतरा बन रहे हैं।