प्रो. राम गोपाल की वापसी पर मनाया जश्न
- फोटो : Amar Ujala
राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव की सपा में वापसी पर गुरुवार को जिला पंचायत में जश्न मनाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजकिशोर और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह ने गुुरुवार शाम सपा के समर्थन में नारेबाजी कर मिष्ठान वितरण किया। अलीगंज में विधायक रामेश्वर यादव ने अपने समर्थकों के साथ मिठाई बांटी।
बताते चलें कि विगत दिनों सपा में शुरू हुए पारिवारिक विवाद के बाद प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो.यादव पर भ्रष्टाचार एवं भाजपा नेताओं से मिलीभगत का आरोप लगाया था। इतना ही नहीं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने प्रो. के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निकाल दिया था। गुरुवार को प्रोफेसर रामगोपाल यादव की सपा में वापसी होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव ने जिला पंचायत में तो सपा विधायक रामेश्वर सिंह यादव ने अलीगंज में मिठाई बांट कर खुशी जताई। पुष्पेंद्र सिंह यादव, रामनिवास यादव, दीपक यादव, नेत्रपाल यादव, विजयपाल सिंह यादव, अरविंद यादव, राजू यादव, हरीश यादव, धीरेंद्र यादव, राहुल यादव, संदीप यादव समेत अनेक समर्थक मौजूद रहे।