सोमवार रात को बस स्टैंड परिसर में मोबाइल व नोट्स के माध्यम से पढ़ाई करते अभ्यर्थी। संवाद
एटा। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचने और अंतिम समय तक तैयारी करने के उद्देश्य से कई अभ्यर्थी सोमवार रात से ही शहर पहुंचने लगे। रात के समय बस अड्डा परिसर अभ्यर्थियों से भरा रहा जहां परीक्षार्थी रात गुजारते हुए अपनी तैयारी में जुटे रहे।
आधी रात के बाद भी बस अड्डे पर कई अभ्यर्थी मोबाइल फोन व किताबों के माध्यम से पढ़ाई करते दिखाई दिए। कोई नोट्स दोहरा रहा था तो कोई ऑनलाइन सामग्री देखकर अंतिम रिवीजन कर रहा था। परीक्षा को लेकर युवाओं में उत्साह के साथ-साथ आत्मविश्वास भी दिखाई दिया। कन्नौज से आए अभ्यर्थी पुष्पेंद्र कुमार व सतेंद्र सिंह, मनोज कुमार, अर्पित शर्म ने बताया कि उनका परीक्षा केंद्र शहर के गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में बनाया गया है और मंगलवार सुबह उनकी परीक्षा निर्धारित है।
उन्होंने कहा कि समय पर केंद्र तक पहुंचने और अंतिम तैयारी के लिए वह सोमवार रात ही एटा पहुंच गए थे। पुष्पेंद्र ने कहा कि यदि वह परीक्षा वाले दिन सुबह घर से निकलते तो रास्ते की चिंता के कारण रिवीजन नहीं कर पाते। इसी वजह से उन्होंने रात बस अड्डे पर ही रुककर पढ़ाई करने का निर्णय लिया। कई अभ्यर्थी समूह बनाकर चर्चा करते और परीक्षा से संबंधित विषयों पर बातचीत करते नजर आए। मंगलवार सुबह परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ने की संभावना है।