एटा। जिले में पहली बार यूपी पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 15 केंद्रों पर आयोजित होगी। इसके कारण सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कक्ष में अभ्यर्थी ने परीक्षा के दौरान पीछे मुड़कर देखा या फिर कक्ष निरीक्षक कुर्सी पर बैठे तो अलर्ट जारी किया जाएगा। प्रवेश पत्र और आधार कार्ड के बिना अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा 22 दिसंबर को है। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट व कक्ष निरीक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। पर्यवेक्षक भी केंद्रों निरीक्षण कर चुके हैं।
जिले में निर्धारित 15 केंद्रों पर 6,048 अभ्यर्थी परीक्षा को देंगे। इसमें 500 से अधिक कक्ष निरीक्षकों को लगाया गया है। 12 अभ्यर्थियों पर एक कक्ष निरीक्षक रहेगा। इसके अलावा रिजर्व में भी रखें जाएंगे। केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की जाएगी। प्रवेश के समय आधार कार्ड भी देखा जाएगा। इसके अलावा बायोमीट्रिक स्क्रीनिंग की जाएगी। पूरा सत्यापन होने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।