एटा। जिले की नौ ग्राम पंचायतें ऐसी हैं जहां पर स्ट्रीट लाइट लगवाने के नाम पर लाखों रुपये का घोटाला किया गया। जिलाधिकारी के आदेश पर तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है। जिसमें सीडीओ अजय प्रकाश, पंचायती राज विभाग के अलीगढ़ मंडल के उप निदेशक एसके सिंह और वाणिज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर हरिकेश सिंह शामिल हैं। सभी ने जांच शुरू कर दी है।
जिन पंचायतों में घोटाला सामने आया है उनमें प्रधान व सचिव की मिली भगत से हिंदुस्तान बिजनेस एसोसिएट्स नामक फर्म द्वारा फर्जी बिल पास कराकर दिए गए थे। बाद में जिला लेखा परीक्षा अधिकारी व डिप्टी ऑडिट ऑफिसर अलीगढ़ मंडल ने बिलों की जांच पड़ताल की। इसमें बिल फर्जी पाए गए। वाणिज्य कर विभाग से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर फर्म को चाय, नमक, साबुन, खाद्य तेल, घी तथा किराना का सामान बेचने की अनुमति प्राप्त है।
इन ग्राम पंचायतों में होगी जांच
असरौली, बारथर, कीलरमऊ, महुअट, नेहचलपुर, नगला फरीद, भटमई, मिलावली, जीसुखपुर।
जिला की नौ ग्राम पंचायत में स्ट्रीट लाइट लगवाने के नाम पर लाखों रुपये का घोटाला किया गया है इसकी जांच के लिए टीम गठित की गई, जांच टीम शुक्रवार को विभाग में पहुंची।
- आलोक कुमार प्रियदर्शी, जिला पंचायत राज अधिकारी