एटा। थाना पिलुआ क्षेत्र में बुधवार की सुबह पुठिया चौराहे के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर फर्रुखाबाद के बाइक सवार कथावाचक की मौत हो गई। परिजन के अनुसार वह नोएडा में भागवत कथा करने के बाद वापस फर्रुखाबाद लौट रहे थे।
कोतवाली फर्रुखाबाद के मोहल्ला चिलपुरा निवासी सुनीत दीक्षित ने बताया कि बड़े भाई आदित्य दीक्षित (45) कथावाचक थे। नोएडा में भागवत कथा संपन्न कराने के बाद मंगलवार की देर रात बाइक से घर के लिए निकले थे। बुधवार सुबह लगभग 5 बजे थाना पिलुआ क्षेत्र में हाईवे पर गांव पुठिया के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के माध्यम से उनको मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। तब पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। सुनीत ने बताया कि 3 भाइयों में आदित्य सबसे बड़े थे और इनके छोटे-छोटे 3 बच्चे हैं। 2 बेटे और 1 बेटी है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।