सकीट। क्षेत्र के दो मंदिरों के चोरों ने ताले तोड़ लिए। मंदिर के अंदर से पीतल के घंटे और चढ़ावे की नकदी चुरा ले गए। कुछ दिनों पहले नगर के शीतला देवी मंदिर में चोरों ने 25 किलो का घंटा चोरी किया था।
थाना सकीट में क्षेत्र के ग्राम रेवाड़ी निवासी मंदिर के पुजारी संतराम ने रिपोर्ट लिखाई है। बताया कि गांव के बाहर बने बिहारी जी मंदिर व माता के मंदिर में अज्ञात चोरों ने बुधवार की रात में गेट के ताले तोड़कर घंटा व दानपात्र पेटिका से नकदी चोरी कर ली। गांव से बाहर करीब 2 किलोमीटर दूर खेतों में ये मंदिर बने हुए हैं। दोनों मंदिरों के बीच करीब 400 मीटर की दूरी है।
एक ही रात में दो मंदिरों में चोरों की घटना से लोगों में आक्रोश है। संतराम ने बताया कि मंदिर में रहकर भगवान की सेवा करते हैं। परिवार में एक मौत हो जाने के कारण बुधवार रात मंदिर पर नहीं थे। थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि मंदिरों में चोरी की घटना की जांच की जा रही है। जल्द अपराधियों को पकड़कर खुलासा किया जाएगा। संवाद