एटा। शहर के व्यस्ततम मैनगंज बाजार में नगर पालिका द्वारा बनाई गई दुकानों की सीढ़ियों पर कब्जे का खेल चल रहा है। पालिका की ही सांठ-गांठ से इन सीढ़ियों पर कब्जा कर दुकानें बना ली गई हैं। सुभाष मूर्ति रोड और घंटाघर बाजार के बीच मैनगंज बाजार में पालिका कर्मियों की सह पर 9 स्थानों से सीढ़ियां गुम कर दी गई हैं। पालिका प्रशासन अनजान बना बैठा रहा।
वर्तमान में भी एक दुकान के पास बनी सीढ़ियों पर कब्जा किया जा रहा है। कब्जा करने के दौरान दुकानदार ने तिरपाल लगा दी है। जिससे किसी अधिकारी को भनक न लगे। कुछ शिकायतकर्ताओं ने बताया कि बाजार में सीढ़ियों पर कब्जे के लिए लाखों रुपये का सौदा हुआ है। खरीदने वाला दुकानदार जीने को बंद कराकर अंदर से तुड़वा देता है और सीढ़ियों की जगह को दुकान में तब्दील कर लेता है।