एटा। थाना बागवाला क्षेत्र के गांव लोहाखार में रविवार रात चोरों ने चार घरों में नकब लगा कर लाखों की चोरी कर ली। नकदी, जेवरात सहित अन्य सामान समेट कर फरार हो गए। गांव लोहाखार निवासी रघुराज सिंह, प्रकाश चंद्र, रामसिंह और छविराम सिंह के मकान में रविवार रात चोरों ने नकब (सेंध) लगाई। रघुराज सिंह के मकान से चोर पूरा बक्सा निकालने में कामयाब रहे। रघुराज के मुताबिक बक्से में 20 हजार रुपये नकद और करीब दो लाख रुपये के जेवरात रखे हुए थे।
अन्य लोगों के मकान में कहीं लहसुन भरा था तो कहीं सरसों के बोरे रखे होने पर चोरी नहीं हो सकी। जबकि एक मकान में बक्सा फंसा गया, इसकी वजह से चोर इसे छोड़कर चले गए। एक साथ चार घरों में हुई घटना को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं। थाना प्रभारी जयमल सिंह ने बताया कि नकब चार घरों में लगाई गई। रघुराज सिंह के मकान से चोरी हुई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पांच जगह चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज
एटा। पांच जगहों पर चोरी होने की रिपोर्ट अलग-अलग थानों में दर्ज कराई गई है। कोतवाली नगर में मनोज कुमार निवासी आवास विकास कॉलोनी ने मोहल्ले के ही अंकित सहित चार के खिलाफ घर का ताला तोड़कर सामान चोरी करने की रिपोर्ट लिखाई है। जबकि अंकित कुमार निवासी डाग बगलिया ने दो एटीएम का ताला तोड़कर 12 बैटरी चोरी करने का मामला दर्ज कराया है। कोतवाली देहात में भूपेंद्र निवासी नरायण नगर ने गांव बावसा से तीन सोलर प्लेट चोरी करने और बिजेंद्र सिंह निवासी घंटाघर ने गांव नगला कंचन से दो बैटरी चोरी करने की रिपोर्ट लिखाई है।