चैत्र नवरात्र में अब दो दिन बचे हैं। शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस दौरान मंदिरों में साफ-सफाई से लेकर रंगाई-पुताई का कार्य चल रहा है। नवरात्र को लेकर बाजारों में भी रौनक दिखाई दे रही है। वहीं, माता की भी प्रतिमाएं बनाई जा रही हैं। नौ दिन तक गरबा की भी धूम मचेगी।
हिंदू समाज में नवरात्र का विशेष महत्व है। नवरात्र को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर के माया पैलेस चौराहा स्थित जनता दुर्गा मंदिर, ठंडी सड़क और शांति नगर स्थित काली मंदिर, कासगंज रोड स्थित गिरौरा मंदिर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर समिति के अनुसार लगभग सभी तैयारियां पूरी होने को हैं। मंदिर पर माता की पूजा-अर्चना के लिए आने वाले भक्तों को कोई परेशानी न हो, इसके देखते हुए बैरीकेडिंग आदि लगाकर व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। साथ ही मंदिरों की साफ-सफाई के अलावा भव्य सजावट की भी तैयारी चल रही हैं।
दूसरी ओर बाजारों में एक बार फिर रौनक लौट आई है। लोग खरीदारी के लिए बाजारों की ओर रुख कर रहे हैं। दो दिन पहले ही लोग किराना की दुकानों पर नवरात्र के दौरान पूजा-अर्चना के लिए सामग्री खरीदते दिखाई दे रहे हैं। सहावर रोड स्थित शिवसिंहपुर व निधौली रोड के नगला केवल पर इन दिनों कारीगरों द्वारा माता की प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं।