एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में सोमवार की देर शाम बाइक और स्कूटी की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ में बैठा लगभग 2 वर्षीय बेटा पापा को पुकारता रहा, तब तक पिता की सांसें थम गईं। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। वहीं, बाइक पर सवार पति-पत्नी घायल हो गए।
थाना कोतवाली देहात के गांव अल्लैपुर निवासी रोहन सिंह ने बताया कि सोमवार देर शाम बेटा विकास (22) घर से बच्चे को दवा दिलाने गिरौरा आ रहा था। रास्ते में मुरकटिया मंदिर के पास एक बाइक से उसकी स्कूटी की टक्कर हो गई। विकास के साथ ही स्कूटी पर बैठा बालक और बाइक पर सवार अतर सिंह व उनकी पत्नी ज्योति निवासी कस्बा व थाना बिलारी जिला मुरादाबाद भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह लोग सकीट कस्बा में एक गमी से लौट रहे थे। स्थानीय लोगों व राहगीरों ने सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज भिजवाया और पुलिस को सूचना दी। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सक ने विकास को मृ़त घोषित कर दिया। घायलों को अलीगढ़ रेफर किया गया।
विकास की तीन वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी। बेटा दो साल का है। रोते हुए उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल विकास के पास उसका बेटा रोता दिखाई दे रहा है। कुछ लोगों ने बेटे को गोद में उठाकर चुप कराने का भी प्रयास किया।