एटा। कोरोना संक्रमण काल में जिला कारागार में बंदियों की मुलाकात बंद है। भैयादूज पर बंदियों के लिए अलग से व्यवस्थाएं की गई हैं। एक अच्छी पहल के तहत बहनों को बंदी भाइयों को त्योहार मनाने के लिए 15 नवंबर तक कारागार गेट पर चाकलेट, रोली-चावल आदि पहुंचाना होगा। हालांकि इस दौरान किसी भी बहन को कारागार में अंदर जाने की इजाजत नहीं होगी। सामान बंदी भाइयों तक पहुंचा दिया जाएगा। यह पहली जिला जेल होगी, जहां पर कारागार प्रशासन की ओर से ऐसी पहल की गई है।
जिला कारागार अधीक्षक पीपी सिंह ने बताया है कि कोरोना के चलते भैयादूज पर बहनों की मुलाकात बंदियों से नहीं कराई जा सकेगी। बहनों से भाई दौज का सामान 15 नवंबर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। बहनें अपने भाईयों को पैकिंग वाली चॉकलेट के साथ चावल, चंदन और रौली पहुंचा सकेगी। इस दौरान गोला और खुली हुई मिठाइयों पर पाबंदी लगाई गई है। बहनों की ओर से दिए जाने वाले सामान को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बंदियों को भैयादूज वाले दिन सुबह ही मुहैया करा दिया जाएगा। कारागार अधीक्षक का कहना है कि भाई दौज पर बंदियों को अवसाद से मुक्त रखने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। दीपावली के त्योहार को लेकर जिला कारागार में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, परिसर में चहुंओर सफाई की जा रही है।