एटा के केनरा बैंक में हुई डकैती पर महज एक दिन ही वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा के प्रति पुलिस की सर्तकता दिखी। बुधवार को बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था फिर से पुराने ढर्रे पर आ गई। बैंक शाखाओं पर तैनात सुरक्षाकर्मी गेट पर नहीं दिखे।
बता दें कि एटा स्थित केनरा बैंक में 30 मई को 30 लाख कैश और करीब पौने दो किलोग्राम सोना की लूट हुई थी। बैंक में हुई डकैती पर वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा को लेकर सिर्फ एक दिन पुलिस फिक्रमंद रही। मंगलवार को एक-एक बैंक की सुरक्षा व्यवस्था को चेक किया गया, लेकिन बुधवार से स्थिति फिर से पुराने ढर्रे पर ही नजर आई। पुलिसकर्मी बैकों की सुरक्षा का जायजा लेने तक नहीं पहुंचे। भारतीय स्टेट बैंक की अशोक नगर शाखा पर अपना सुरक्षा गार्ड नहीं है। यहां पर थाने से सुरक्षा की व्यवस्था की जाती है, लेकिन बुधवार को दिन में 11.30 बजे तक कोई सुरक्षाकर्मी बैंक पर नहीं पहुंचा था। इसके बाद दो होमगाडों को रायफल देकर भेज दिया गया। सोरों गेट शाखा पर बैंक का एक सुरक्षा गार्ड तैनात है, लेकिन यह सुरक्षा कर्मी भी बैंक के गेट पर दिखाई नहीं दिया। वह बैंक के भीतर काउंटर पर खड़े होकर अपने काम को छोड़कर ग्राहकों को जानकारी देते देखा गया। पंजाब नेशनल बैंक, इलाहबाद बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक सहित सभी बैंकों की स्थिति एक जैसी है। इनमें तैनात सुरक्षा कर्मी बैंक के गेट पर नजर नहीं आते। पुलिस विभाग से भी सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। होमगार्डों को ही रायफल देकर भेजा जाता है। ये कर्मी भी बैंक खुलने के निर्धारित समय पर नहीं पहुंचते हैं।
इनसेट
बैंक शाखा पर अपना सुरक्षा गार्ड नहीं है। सोरों गेट पुलिस चौकी से सुरक्षा लगाई जाती है। सुरक्षा कर्मी भेजने के लिए चौकी पर फोन से सूचना भेज दी गई है। एमबी बाजपेयी, शाखा प्रबंधक एसबीआई अशोक नगर
सहावर। कस्बा के गंजडुण्डवारा रोड स्थित एटा जिला सहकारी बैंक में सुरक्षा के प्रति काफी लापरवाही है। बैंक में कोई गार्ड नहीं। यहीं नहीं बैंक शाखा ने बदूंक का लाईसेंस भी कई साल से रिन्यूवल नहीं कराया है। बैंक शाखा में मात्र तीन कर्मचारी नियुक्ति हैं। इसमें शाखा प्रबंधक के अलावा एक कैशियर, एक महिलाकर्मी है। शाखा प्रबंधक करन सिंह ने बताया कि बैंक में चतुर्थश्रेणी व सुरक्षा गार्ड एक ही पद है। महिला कर्मी होने की वजह से दिक्कत है। इसी वजह से लाइसेंस का रिन्यूवल नहीं कराया गया है। पुरूष चतुर्थश्रेणी कर्मी की डिमांड भेजी गई है।