डीएम को अविश्वास प्रस्ताव सोंपते गांव अचलपुर के ग्राम पंचायत के सदस्य- अमर उजाला
- फोटो : ETAH
एटा। शीतलपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत अचलपुर के प्रधान के खिलाफ ग्राम पंचायत सदस्यों ने डीएम को अविश्वास प्रस्ताव सौंपा। सदस्यों ने ग्राम प्रधान पर विकास कार्यों के नाम पर धन का गबन करने का आरोप लगाया। मामले में डीएम ने जांच कराने के निर्देश देते हुए कमेटी गठित की है।
ग्राम पंचायत सदस्यों ने शिकायत में कहा कि ग्राम प्रधान मुनेंद्र सिंह ने सभी सदस्यों के परिचय पत्र कब्जे में ले लिए हैं। ग्राम पंचायत को अंत्येष्टि स्थल बनवाने के लिए शासन से मिले धन को निजी भवन बनाने में लगा लिया। कुछ रुपया निर्माण में लगाया गया, लेकिन निर्माण ध्वस्त हो गया। अपने निजी लोगों के शौचालय बनवा दिए गए हैं। एक सड़क निर्माण का पैसा निकाल लिया गया, लेकिन कोई काम नहीं हुआ। ग्राम पंचायत सदस्यों ने ग्राम प्रधान पर अवैध रूप से पट्टे करने का आरोप भी लगाया। सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पर डीएम से विचार करने और प्रधान के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। मामले में डीएम सुखलाल भारती के निर्देश पर सीडीओ मदन वर्मा ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है। कमेटी को जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। मांग करने वालों में प्रवेश कुमार, झुन्नी सिंह, गया देवी, कर्मेंद्र सिंह, रजनी, प्रेमवती शामिल हैं।